जोगिंद्रनगर (मंडी)। त्योहारी सीजन में जोगिंद्रनगर में ठग गिरोह सक्रिय हो गया है। शहर में स्वर्णकार को करीब 15 हजार रुपये का चूना लगाने वाले शातिर का वीडियो भी वायरल हुआ है। जानकारी के अनुसार शहर के एक नामी स्वर्णकार की दुकान पर दिव्यांगता की आड़ में शातिर ठग ने अंगूठी खरीदने के दौरान करीब 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है।
शातिर ने नकली अंगूठी देकर सोने की असली अंगूठी ले ली। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद वीडियो वायरल हुआ। एक अन्य मामले में रविवार को पंजाब के एक परिवार से गैस सिलिंडर की रिफलिंग का झांसा देकर शातिर ने 1500 रुपये की ठगी कर ली है। शिकायतकर्ता संजय ने पुलिस थाने में शिकायत की तो पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए शातिर ठग की तलाश में शहरभर में दबिश दी।
पुलिस की राडार में एक शातिर आया है, जिस पर पहले भी ठगी का आरोप है। पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में शातिर ठगी की फिराक में रहते हैं। पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। मामलों में शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
शहर के कारोबारियों और स्थानीय लोगों से ठग गिरोह से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि त्योहारी सीजन और मंडी संसदीय उपचुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। ठग गिरोह की धरपकड़ के लिए भी संबंधित पुलिस थानों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। संवाद