सुंदरनगर (मंडी)। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने में बेहतरीन कार्य के लिए नगर परिषद सुंदरनगर को पर्यावरण लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित गया है। सुंदरनगर को प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहने पर 25,000 रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में मिली है।
रविवार को शिमला के गेयटी थियेटर में पर्यावरण दिवस पर हुए कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध सक्सेना ने नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा की अगुवाई में पहुंचे पार्षदों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने बताया कि नगर परिषद सुंदरनगर ने पर्यावरण की दृष्टि से प्रदेशभर में एक अलग स्थान बनाया है।
गीले और सूखे कचरे के निष्पादन में नगर परिषद बेहतरीन कार्य कर रहा है। प्लास्टिक वेस्ट हर सप्ताह दो से तीन गाड़ियां एसीसी बरमाणा भेजी जाती हैं। गीले कचरे की खाद बनाई जा रही है। जल्द ही इस खाद को भी किसानों को बेचा जाएगा। नगर परिषद ने इस खाद के सैंपल गुजरात भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह खाद किसानों को बाजार से बेहद कम दामों में उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर परिषद ने शहर के सभी वार्डों में पेवरिंग की गई है। संपर्क मार्गों और सड़कों के किनारे की गई पेवरिंग से अब धूल न के बराबर रह गई है।
वार्डों में समय-समय पर पौधरोपण भी किया जाता है। इस अवसर पर पार्षद नरेश वर्मा, ललिता ठाकुर, कल्पना वर्मा, अंजू देवी और कमलेश गुप्ता भी उपस्थित रहे। संवाद