सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने गांव के एक व्यक्ति पर अश्लील हरकतें करने और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे जब वह शौच के लिए कमरे से बाहर निकली तो घर के पास अंधेरे में छुपा एक व्यक्ति आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला के चिल्लाने पर उसका पति और भांजा घर के बाहर आए तो आरोपी वहां से भागने में कामयाब हो गया।
शिकायत में महिला ने यह भी बताया कि जब उसका पति विदेश में था, तो आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया और बातचीत शुरू की। कुछ समय बाद वह व्यक्ति महिला से अश्लील बातें करने लगा, जिस पर महिला ने उससे बात करना बंद कर दिया। महिला का आरोप है कि इसके बाद व्यक्ति उसे धमकाता रहा कि अगर उसने बात नहीं की तो वह उसके पति को भड़का देगा। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।