सुंदरनगर (मंडी)। नाचन क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्यांजी सलवाहन में अंडर-14 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के उपाध्यक्ष ब्रह्मदास चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को पुरस्कृत किया।
तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में 13 स्कूलों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वॉलीबाल में यूनिवर्सल मॉडल स्कूल कनैड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कबड्डी में स्यांजी और कनैड स्कूल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। खो-खो में यूनिवर्सल मॉडल स्कूल कनैड पहले स्थान पर रहा, बैडमिंटन में हटगढ़ और डुगराई स्कूल ने संयुक्त रूप से विजेता का खिताब प्राप्त किया। योग में स्यांजी और अनुशासन में पलाहोटा स्कूल ने अव्वल स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान शतरंज स्पर्धा में स्यांजी सलवाहन स्कूल के पांच खिलाड़ियों ने जिला स्तर के लिए स्थान बनाया, जिनमें अंशिका, शगुन, सौम्या, कृतिका और दीया शामिल हैं। मार्च पास्ट में रजवाड़ी ने प्रथम और स्यांजी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक स्पर्धा में समूहगान, कंठ संगीत, भाषण और लोक नृत्य में स्यांजी ने विजेता का खिताब जीता, जबकि एकांकी में कनैड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुल मिलाकर, स्यांजी ने सर्वश्रेष्ठ का खिताब हासिल किया।
बरोट को मिल सर्वश्रेष्ठ स्कूल का खिताब
बरोट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुद्दर में आयोजित अंडर-14 खेलों में बरोट स्कूल के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सर्वश्रेष्ठ का खिताब जीता है। प्रधानाचार्य राजकुमार ने बताया कि बरोट स्कूल के प्रतिभागी वॉलीबाल, लोक नृत्य, समूह गान और भाषण में प्रथम रहे हैं। एकल गीत में स्कूल दूसरा स्थान पर रहा। खेलकूद स्पर्धा के समापन पर खिलाड़ियों का स्कूल में जोरदार स्वागत किया गया और बाजार में जीत की रैली भी निकाली गई। प्रधानाचार्य ने टीम के साथ गए पीटीआई राजकुमार, चंपा, आरती और सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। संवाद
वॉलीबॉल में लेदा और कबड्डी में रिवालसर विजेता
नेरचौक (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरसवाण में आयोजित रिवालसर जोन की अंडर-14 छात्राओं की खेल प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह में एसएमसी प्रधान टीना शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। प्रधानाचार्य जय सिंह कौंडल ने बताया कि तीन दिनों तक चली इन खेलों में जोन की 15 स्कूलों की लगभग 250 खिलाड़ी छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबाल में लेदा स्कूल की टीम ने विजेता रही। कबड्डी में रिवालसर और खो-खो में भी लेदा स्कूल विजेता रहा।
सीसे स्कूल स्यांजी के नाम रही ओवरऑल द बेस्ट की ट्रॉफी। स्त्रोत संस्थान