थराण गांव में क्षतिग्रस्त गोशाला। जहां तेंदुए ने हमला किया है। -संवाद
थुनाग (मंडी)। उपतहसील बागाचनोगी के थराण गांव में एक तेंदुए ने बाड़े में घुसकर चार भेड़ों का शिकार कर लिया। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय निवासी शिव लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी 25 भेड़ों को गोशाला के बाड़े में रखा था। सुबह जब वह बाड़े में गए तो एक भेड़ मृत पाई। गिनती करने पर पता चला कि तीन भेड़ें गायब हैं।
तेंदुआ गोशाला से दूर जाकर भेड़ों को उठा ले गया, जिससे उनके आने की भनक नहीं लगी। गोशाला के दूसरे बाड़े में मवेशी बांध रखे थे, लेकिन तेंदुए ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। शिव लाल ने बताया कि गोशाला की छत बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके कारण उन्होंने तिरपाल लगाकर उसे ढक दिया था। तेंदुआ तिरपाल को फाड़कर बाड़े में घुसा था।
उधर, शिल्हीबागी पंचायत के प्रधान मीरा देवी ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए उचित प्रबंध करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर गोशालाएं रिहायशी क्षेत्रों से दूर बनी होती हैं, जिससे तेंदुए के लिए बाड़े में घुसना आसान हो जाता है। मीरा देवी ने यह भी कहा कि शिव लाल की गोशाला को बरसात के दौरान हुए नुकसान का अभी तक कोई मुआवजा नहीं मिला है, जिसके कारण वह मरम्मत नहीं करवा पा रहे हैं।