गोहर (मंडी)। जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले में इस बार कोई भी स्थानीय व्यापारी प्लॉट को सबलेट नहीं कर पाएगा। अगर कोई ऐसे करता है तो उसके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बासा पंचायत में जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेला 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होगा। इसके लिए प्लॉट आवंटन प्रक्रिया 12 सितंबर से शुरू की जाएगी।
एसडीएम गोहर लक्ष्मण सिंह कनेट ने कहा कि मेला कमेटी प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया 12 सितंबर से शुरू करेगी। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे प्लॉट खरीदने के लिए शपथ पत्र बनाकर मेला कमेटी को स्टांप पेपर पर अपनी जानकारी प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय व्यापारियों द्वारा खरीदे गए प्लॉट्स को बाहरी व्यापारियों को दोबारा बेचने (सबलेट) की प्रथा पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति या व्यापारी दूसरे के खरीदे हुए प्लॉट को खरीदता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 6 और 10 सितंबर को ग्राम पंचायत बासा के पंचायत घर में ऑडिशन का आयोजन भी होगा। सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे ऑडिशन में भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।। संवाद