जोगिंद्रनगर में पत्रकारवार्ता करते नेर घरवासड़ा पंचायत के उपप्रधान।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की नेरघरवासड़ा पंचायत के उपप्रधान राकेश जंवाल ने कांगड़ा पुलिस पर बेटे को प्रताड़ित करने के आरोप लगाकर प्रदेश पुलिस महानिदेशक से जांच की मांग उठाई है। सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पुलिस की प्रताड़ना से बेटा डिप्रेशन का शिकार हो रहा है।
पुलिस ने साजिश के तहत झूठा मामला दर्ज कर न केवल मारपीट की बल्कि घंटों बंधक बनाकर भी रखा। मंडी-कांगड़ा सीमा के नजदीक बीड़ में गत 29 जुलाई को सादी वर्दी में तैनात कांगड़ा पुलिस ने एक कैफे में छापा मार कर चरस बरामद की थी।
मामले में कुछ युवकों को पुलिस ने एनडीपीसी एक्ट के तहत हिरासत में लिया। इसमें उसका बेटा भी शामिल रहा। कहा कि चरस मामले से उसका दूर-दूर तक संबंध नहीं है। बावजूद पुलिस ने उसे उठा लिया और मारपीट कर थाने में बंद कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा खुशहाल शर्मा ने पुलिस पर लगाए आरोपों को खारिज किया है। नेर घरवासड़ा पंचायत के उपप्रधान राकेश जंवाल ने परिवार पर जानलेवा हमले की आशंका जाहिर की। कह कि बीते कुछ दिन पहले उनके दोनों बेटों पर जानलेवा हमला भी हुआ था। परिवार को भी धमकियां मिल रही है। लिहाजा पुलिस सुरक्षा प्रदान करे। संवाद