ज्यूणी खड्ड पर बनी सिंचाई योजना के तोड़े गए पाइप।
- फोटो : Mandi
गोहर (मंडी)। उपमंडल गोहर की ज्यूणी खड्ड से नेहरा गांव तक बनी वर्षों पुरानी सिंचाई कूहल में लगे लोहे के पाइप को शातिरों ने काटकर चुरा लिया है। इससे चार पंचायत के 36 गांवों के खेतों में सिंचाई बाधित हो गई है। ये पंचायतें नौण, शाला, चैलचौक और नेहरा हैं।
ग्राम पंचायत नेहरा के भदरौन वार्ड में चोरी हुई है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। भदरौन गांव के बाशिंदों ने रोपड़ी नाला से जोर-जोर से लोहा तोड़ने की आवाजें सुनी। इस पर वे रोपड़ी नाला पहुंचे लेकिन शातिरों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने लोहे को काटना बंद कर दिया और ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही भाग निकले।
रात के अंधेरे में ग्रामीणों ने जब रोपड़ी नाले में तलाशी अभियान छेड़ा तो एक 20 फीट लंबा और डेढ़ फुट चौड़ा लोहे का कटा हुआ पाइप बरामद किया। शेष पाइप गायब थे। पाइप के पास ही तीन औजार भी बरामद किए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गोहर पुलिस को दी। थाना प्रभारी गोहर अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोपड़ी नाले में पुलिस ने बोरे को बरामद किया है। इसमें शातिरों ने बड़े पाइप के टुकड़े भरे थे। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता गोहर नूर अहमद ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है। जल्द ही आपूर्ति सुचारु की जाएगी।
...
इलाके में गश्त बढ़ाए पुलिस
ग्रामीणों रोशन लाल, रमेश कपूर, मनीष कुमार, मुरारी लाल, भदरौन पंचायत सदस्य चंपा देवी, रवि कुमार, नरेश कुमार, इंद्र सिंह, जीतू आदि ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गणेश चौक से चामुंडा माता मंदिर तक पुलिस की हर रोज गश्त होनी चाहिए। इससे चोरी की घटनाओं पर नकेल कसी जा सकती है। संवाद