मंडी। मंडी शहर के साथ लगते भरौन गांव में जीप खाई में गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना सोमवार देर रात की है। गंभीर रूप से घायल जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन हैं। जानकारी के अनुसार कांगनीधार हेलीपैड से आगे भरौन के पास एक थार जीप अनियंत्रित होकर 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। घटना रात करीब 12:00 बजे की बताई जा रही है। गाड़ी में दो लोग सवार थे और दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची।
वहीं, सदर एसडीएम रितिका जिंदल व वार्ड नंबर 4 के पार्षद राजेंद्र मोहन भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल मंडी लाया गया। घायलों की पहचान रितेश पटियाल, पुत्र शिवपाल सिंह निवासी, दुदर व जितेंद्र सिंह रावत पुत्र मुंशी राम रावत गांव छपौंन दुदर, जिला मंडी के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी आशीष शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है और अभी खतरे से बाहर है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।