नगर परिषद मंडी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर जीत के बाद कांग्रेस-भाजपा समर्थकों ने एक साथ विजय रैली निकाली। चौहाटा बाजार में जीत की खुशी में पटाखे फोड़े गए और आतिशबाजी छोड़ी गई। जीत के बाद समर्थकों ने अध्यक्ष नीलम शर्मा व उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की।
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर चुनाव की सारी प्रक्रिया पुलिस पहरे में हुई। शपथ समारोह के बाद चुनाव के दौरान नगर परिषद कार्यालय मंडी में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। समर्थक पल-पल चुनाव के परिणाम घोषित होने का इंतजार करते रहे। एसडीएम सदर डॉ मदन कुमार द्वारा अध्यक्ष पद पर नीलम शर्मा के विजय रहने की घोषणा के साथ समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की।
उपाध्यक्ष पद पर चुनाव के बाद विशाल व अध्यक्ष नीलम शर्मा ने दोनों इकट्ठा होकर शहर में विजय रैली निकाली। नगर परिषद मंडी की नवनिर्वाचित अध्यक्षा नीलम शर्मा ने कहा कि वह सबका साथ-सबका विकास नारे के साथ काम करेंगी। सभी पार्षदों के साथ लेकर सारे विकास कार्य किए जाएंगे।
शहरभर में स्ट्रीट लाइट्स, सफाई व्यवस्था, पार्किंग स्थल समेत अन्य समस्याओं के हल के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। शहर में जहां आवश्यकता होगी वहां पर डस्टबीन रखे जाएंगे। शहरवासियों की सहूलियत के अनुसार डस्टबीन मुहैया करवा जाएंगे। अधूरे पड़े कार्यों को पूरा किया जाएगा और नए विकास जल्द शुरू किए जाएंगे। शहर में स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। शहर में खस्ताहाल चल रहे शौचालयों का जीर्णोद्धार किया जाएगा और सभी शौचालयों को चकाचक किया जाएगा।