अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टेनिस बॉल क्रिकेट वुमन लीग की विजेता टीम को ट्रॉफी भेंट करती एसडीए
सुंदरनगर (मंडी)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महाराजा लक्ष्मण सेन महाविद्यालय में हिमाचल प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ने टेनिस बॉल महिला क्रिकेट लीग का आयोजन किया। लीग का फाइनल मैच जिला कांगड़ा के इंदिरा क्लब और रेणुका क्लब के बीच खेला गया। इसमें इंदिरा क्लब ने जीत हासिल की।
पहले खेलते हुए इंदिरा क्लब ने आठ ओवर में 69 रन बनाए। इसमें ईशा ने 18 रन और सुनिधि ने 20 रन का योगदान दिया। इसके बाद रेणुका क्लब की टीम आठ ओवर में छह विकेट खोकर 42 रन ही बना सकी। रेणुका क्लब की ओार से श्रेया ने 22 रन बनाए। अंजलि और ईशा ने दो-दो विकेट प्राप्त किए।
इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि आजकल महिलाओं का खेलों में काफी वर्चस्व बढ़ रहा है और महिलाएं पैसों के साथ-साथ ख्याति भी पा रही हैं। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।