सरकाघाट-घुमारवीं स्टेट हाईवे पर बतैल में सड़क किनारे नाली में रूका गंदा पानी। स्रोत जागरूक पाठक
भांबला (मंडी)। सरकाघाट-घुमारवीं स्टेट हाईवे स्थित ग्राम पंचायत भांबला के बतैल कस्बे में सड़क के किनारे बनी नालियों में पानी की उचित निकासी न होने से दुर्गंध उठने लगी है। बदबू फैलने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
अश्विनी कुमार, विशाल कुमार, सुनील कुमार, देव राज, प्रेम सिंह, मिल्खी राम, अशोक कुमार, सुरेश कुमार,प्यार चंद और बलवीर कुमार आदि ने बताया कि स्टेट हाईवे तैयार होने के समय पानी की निकासी के लिए नालियों का सही ढंग से निर्माण नहीं किया गया है। लोक निर्माण विभाग को बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।
हाल ही में लोक निर्माण विभाग ने पानी की निकासी के लिए नालियों का पुनर्निर्माण किया है, लेकिन आधे हिस्से की नालियां बनाकर विभाग ने पल्ला झाड़ लिया है। ग्रामीणाें ने विभाग को चेताया कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया तो विभागीय कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस बारे में लोक निर्माण विभाग बलद्वाड़ा के सहायक अभियंता भूपेंद्र पाल ने कहा की मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही नालियों की साफ-सफाई करवाई जाएगी। संवाद