मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी द्वारा कंपोजिट मैटेरियल्स पर डिजाइन, प्रोसेसिंग, मैन्युफैक्चरिंग और हेल्थ मॉनिटरिंग में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ मैकेनिकल एंड मैटेरियल्स इंजीनियरिंग के डॉ. हिमांशु पाठक, डॉ. सनी जफर और डॉ. शुभोमय की ओर आयोजित कांफ्रेंस में 150 से अधिक शोधकर्ता, नवप्रवर्तक, संकाय सदस्य और शिक्षा एवं उद्योग जगत के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान आईआईटी मंडी के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि भविष्य की इंजीनियरिंग जरूरतों के अनुसार यह सम्मेलन शोधकर्ताओं के बीच अत्याधुनिक ज्ञान और नेटवर्क निर्माण को साझा करने के लिए एक अच्छा मंच रहा। सम्मेलन को कुल 275 शोधपत्र प्रस्तुतियों के साथ जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। समीक्षा प्रक्रिया के बाद संस्थान ने 150 शोधपत्र स्वीकार किए हैं।
इस दौरान वक्ताओं और शोधकर्ताओं ने कंपोजिट के लिए एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, उन्नत विनिर्माण, बीम, प्लेट और शेल सिद्धांत, मिश्रित संरचनाओं और सामग्रियों का कम्प्यूटेशनल मॉडलिंग, मिश्रित संरचनाएं और सामग्री, जैव-चिकित्सा अनुप्रयोगों के लिए कंपोजिट, संमिश्रों का विघटन, क्षति, फ्रैक्चर, विफलता, थकान और स्थायित्व, मिश्रित संरचनाओं की गतिशीलता, कंपोजिट के लिए प्रायोगिक विधियां, अग्निरोधी कंपोजिट, एफआरपी प्रबलित संरचनाएं, मिश्रित संरचनाओं के लिए स्वास्थ्य निगरानी और निरीक्षण तकनीक, कंपोजिट का बहु-स्तरीय विश्लेषण, स्मार्ट कंपोजिट और संरचनाएं आदि पर अपने विचार साझा किए।
सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु पाठक ने कहा कि कि इस तरह के सम्मेलन का आयोजन करना एक बहुत ही संतुष्टिदायक और संतोषप्रद अनुभव था, जहां प्रतिभागियों को कंपोजिट के क्षेत्र में अग्रणी विषयों पर दुनिया भर के अग्रणी शोधकर्ताओं से सीखने का अद्भुत अवसर मिला।