मंडी डीआरडीए सभागार में जिला के सभी बीडीओ के साथ बैठक करते हुए उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन। संवा
मंडी। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में जिला के सभी खंडों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति के बारे में समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला भर के खंडों से समस्त विकास खंड अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए खंड विकास अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में समस्त विकास कार्यों को निर्धारित समय अवधि में पूरा करें। उन्होंने लंबित कार्यों को अति शीघ्र प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की। इसके अतिरिक्त 15वें वितायोग, ऑडिट रिकवरी, पंचायत घर निर्माण व शिकायतों आदि पर चर्चा की।
उन्होंने पंचायतों को ठोस व तरल कचरा प्रबंधन का सही से निष्पादन करने के निर्देश दिए। पंचायत स्तर पर मनरेगा के तहत विशेष बल देने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि पंचायतों में जो धनराशि विकास कार्यों में आवंटित की है, उसका सही ढंग से उपयोग करें। सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर चल रहे विकास निर्माण कार्यों का नियमित तौर पर निरीक्षण करें तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का भी ध्यान रखें। इस अवसर पर एडीसी रोहित राठौर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, पीओ डीआरडीए गोपी चंद पाठक, अधिशाषी अभियंता गोपाल कृष्ण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।