मंडी। अनुबंध पर नहीं लिए जाने पर परिवहन पीस मील वर्करों में सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति खासा रोष है। अनुबंध पर लिए जाने की राह ताक रहे पीस मील वर्करों ने सरकार को चेताया है कि अगर उनको जल्द अनुबंध पर नहीं लिया गया तो वे काम बंद कर देंगे।
सरकार सालों से परिवहन पीस मील वर्करों को अनुबंध पर नहीं ले रही है। इससे कर्मचारियों में रोष है। अनुबंध पर लेने के लिए कई बार हड़ताल कर चुके हैं और मुख्यमंत्री से भी भेंट की लेकिन आश्वासनों के सिवाय कुछ नहीं मिला। 29 नवंबर तक बैठक कर आगामी फैसला ले लिया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधन कर्मशाला सौलीखड्ड, मंडी के कर्मचारियों का कहना है कि 2017 के पहले के कुछ कर्मचारियों को अनुबंधन पर लेकर पक्का कर दिया गया है लेकिन 2015 तक के कर्मचारी अभी भी पक्का होने की आस लगाए बैठे हैं।
पीस मील वर्करों कुशाल कुमार, विमल कुमार, सीताराम, नोखू राम आदि ने कहा कि सरकार ने करीब 400 कर्मचारियों को अनुबंध पर लेकर रेगुलर कर दिया है लेकिन अन्य को अनुबंध पर नहीं लिया जा रहा है। 26 नवंबर को जेसीसी बैठक में चर्चा न हुई तो आगामी फैसला लिया जाएगा। कहा कि सभी पीस मील वर्करों को अनुबंध पर लिया जाए।