मंडी। नगर निगम मंडी में चार साल के इंतजार के बाद आखिरकार अप्रैल से भवनों में हाउस नंबर प्लेट लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में खलियार, पुरानी मंडी, पड्डल, नेला और रामनगर में हाउस नंबर प्लेट लगाने का काम होगा। अन्य 10 वार्डों को अभी इंतजार करना होगा क्योंकि वहां भवनों की गणना नहीं हो पाई है।
नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और पार्षदों ने नंबर प्लेट के सैंपल को भी मंजूरी दे दी है। इससे पहले नगर परिषद के समय के हाउस नंबर चस्पां थे। पंचायतों से छिटक कर नगर निगम का हिस्सा बने क्षेत्रों के भवनों में हाउस नंबर प्लेट नहीं लग पाई है। कुछ वार्ड ऐसे भी हैं जिनके साथ नगर निगम बनने के बाद कोई फेरबदल नहीं हुआ।
इस कारण नगर निगम के कर्मचारियों को भवनों के आंकड़े जुटाने में अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। भवनों के सर्वे के लिए एजिसेक कंपनी को शहरी विकास विभाग ने अधिकृत किया है, लेकिन कंपनी ने अभी तक सर्वे कार्य शुरू नहीं किया है। नगर निगम की ओर से अपने स्तर पर पांच वार्डों में भवनों की गणना का कार्य किया है।
पहले चरण में इन वार्डों में लगेंगी हाउस नंबर प्लेट
वार्ड
भवनों की संख्या
खलियार 1180
पुरानी मंडी
600
नेला 1300
पड्डल 650
रामनगर
650
हाउस नंबर प्लेट का फायदा
भवनों की आसान पहचान होगी, जिससे डाक, डिलीवरी और आपातकालीन सेवाओं में सुविधा मिलेगी। किसी तरह की घटना होने पर पुलिस, अग्निशमन और एंबुलेंस को सही पते पर पहुंचने में आसानी होगी। वर्तमान में घर का पता ढूंढने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
पांच वार्डों में भवनों का आंकड़ा जुटाने के बाद अप्रैल से हाउस नंबर प्लेट लगाने कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हाउस नंबर प्लेट के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शेष वार्डों में भी सर्वे के बाद हाउस नंबर प्लेट लगाई जाएंगी।
-नरेश कुमार, सहायक अभियंता, नगर निगम मंडी