मंडी में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर प्रस्तुति देती छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। जिला स्तरीय 70 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हिमाचल के वीरों ने कुर्बानी देकर स्वाधीनता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश में 135 से अधिक स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं।
मंडी के नेरचौक स्थित ईएसआई मेडिकल कालेज को प्रदेश सरकार ने स्वयं चलाने का निर्णय लिया है। इसका नाम लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज रखा गया है। प्रदेश के लिए एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भी स्वीकृत किया गया है। जिसे बिलासपुर जिले में खोला जा रहा है। किसानों को अपने खेतों में बाड़ लगाने के लिए 60 प्रतिशत की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मंडी में 100 बिस्तर तथा सुंदरनगर में 50 बिस्तरों का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में डायलिसिस केंद्र, एफआई, एआरटी केंद्र, आधुनिक शव गृह तथा एसआरएल लैब स्थापित की गई।
समारोह में डीएवी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एंग्लो संस्कृत मॉडल स्कूल, गुरु गोबिंद सिंह हाई स्कूल, इंड्स ग्लोबल स्कूल और स्लम एरिया को शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस मौके पर सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक जय राम ठाकुर, जिला परिषद के उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, नगर परिषद की अध्यक्षा नीलम शर्मा, उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर, उपायुक्त संदीप कदम, पुलिस अधीक्षक प्रेम ठाकुर, एडीएम विवेक चंदेल आदि मौजूद थे।