मंडी शहर के टारना वार्ड में व्यक्ति को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाती स्वास्थ्य कार्यकर्ता संवाद
- फोटो : Mandi
मंडी। जिले में कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज लगाने का सौ प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी सीएमओ, एमओएच और सभी बीएमओ रविवार को भी जुटे रहे। जिले में रविवार को 231 सेशन आयोजित किए गए।
जिले में 20 मोबाइल वैन ने भी दिनभर अलग-अलग स्थानों पर लोगों को कोरोना की दूसरी डोज लगाई। इस दौरान हजारों लोगों को वैक्सीनेट किया गया। जिला प्रशासन ने 30 नवंबर तक सौ प्रतिशत कोविड टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रविवार को भी जी जान लगाकर सेवाएं देते रहे। उपायुक्त सहित पूरा प्रशासन भी इस अभियान में जुटा है। मंडी शहर में दो मोबाइल बैन सहित चार केंद्रों पर कोविड टीकाकरण किया गया। इस दौरान बाल स्कूल मंडी, टारना माहूंनाग मंदिर, पुलिस अधीक्षक निवास के निकट और सेरी मंच पर कोरोना वैक्सीन सेंटर में दिनभर लोग टीकाकरण कराने को पहुंचे।
लाइव रिपोर्ट
समय 11.45 बजे स्थान सेरी मंच लोगों को दूसरी डोज लगाने के लिए मोबाइल वैन शहर में तैनात। लोग वैक्सीन लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मी ने आधार कार्ड मांग कर लोगों का पंजीकरण किया। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने उनको वैक्सीन लगाई। 12 बजे तक वैन के स्टाफ ने 20 लोगों का टीकाकरण किया।
समय 12.40, स्थान टारना स्थित एसपी निवास के समीप। सड़क किनारे लगे वैक्सीनेशन काउंटर पर हाथ में आधार कार्ड लिए मनोहर लाल पहुंचे। उन्होंने टीम से सवाल किया कि दूसरी डोज लगाने पर उनके शरीर में कोई दुष्प्रभाव तो नहीं होगा। आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने उन्हें समझाया कि जिस तरह पहला टीका लगने पर कुछ नहीं हुआ वैसे ही इस बार भी कुछ नहीं होगा। इस काउंटर पर एक बजे तक 22 लोगों का टीकाकरण हो चुका था।
समय 1.30 मिनट, स्थान बाल स्कूल मंडी, वैक्सीनेशन केंद्र पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों का पंजीकरण के बाद टीकाकरण करती हुई। अवकाश होने के चलते केंद्र पर दो बजे तक 30 लोगों ने टीका लगवाया। वैक्सीन लगवाने ने बाद पूर्वी देवी और अंजना ने बताया कि टीकाकरण से कोई दुष्प्रभाव नहीं हुआ है। सभी लोगों को दूसरी डोज लगवाने के लिए आगे आना चाहिए।