सरकाघाट (मंडी)। आदेश के बावजूद सरकाघाट अस्पताल में तीन विशेषज्ञों ने ज्वाइन नहीं किया है। इसके चलते आर्थो, गायनी, पैथालोजी और सर्जरी की ओपीडी बंद है। इससे मरीजों को हमीरपुर या नेरचौक के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
करीब डेढ़ लाख लोग इस अस्पताल पर निर्भर हैं। लंबे समय से यहां पर ऑर्थो की ओपीडी बंद हो जाने के चलते मरीज दूर-दूर के अस्पतालों में ले जाने पड़ रहे हैं। इसमें लोगों का जहां समय बर्बाद हो रहा है, वहीं बहुत पैसा भी बर्बाद हो रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले एक साल से यहां पर आर्थो की ओपीडी बंद हो गई है अभी तक किसी भी डॉक्टर ने यहां पर ज्वाइन नहीं किया है।
वहीं गायनी, पैथालॉजी और सर्जरी की ओपीडी पिछले कई सालों से शुरू ही नहीं हो पाई है क्योंकि यहां पर कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं आए। इस बार उप चुनाव से पहले लोगों को सरकार की ओर से आश्वासन मिला था कि चार विशेषज्ञ डॉक्टरों को यहां पर ज्वाइन करने के आदेश दिए हैं। इस दौरान आचार संहिता लग गई और डॉक्टर नहीं पहुंचे।
अब चुनाव के बाद भी इस अस्पताल में किसी भी डॉक्टर ने अब तक अपनी ज्वाइनिंग नहीं दी है। इसके चलते इस अस्पताल पर निर्भर सरकाघाट, धर्मपुर और हमीरपुर जिला के कुछ इलाकों की डेढ़ लाख आबादी प्रभावित हो रही है। इस बारे में सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि इस बारे में सरकार को सूचित कर दिया है।
क्या कहते हैं लोग
नागरिक अस्पताल सरकाघाट में अब तक किसी भी विशेषज्ञ डॉक्टर के द्वारा सरकार के आदेशों के बाद ज्वाइन नहीं करने से सरकाघाट की जनता में भारी आक्रोश है। कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, राजेश ठाकुर, अश्वनी, अखिल, रोशन लाल, वरुण, शिव राम, अजय कुमार, संजय, पवन, प्रकाश शर्मा, नंदलाल ठाकुर आदि ने कहा कि सरकाघाट की जनता को लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिलने से बहुत अधिक कठिनाई हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की जल्द अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाए।