लडभड़ोल (मंडी)। क्षेत्र के खोली जमथला में एक गोशाला जलकर राख हो गई है। आग बुझाते हुए एक महिला और उसके दो बेटे झुलस गए। इनकी पहचान रबना देवी (38) पत्नी प्रेम सिंह और पुत्र आशीष चौहान (18) एवं मनीष चौहान (16) के रूप में हुई है।
इनको तुरंत लडभड़ोल अस्पताल में उपचार दिया गया है। उधर, इस घटना में गोशाला में बंधी दो गाएं भी झुलस गई हैं। पशुशाला में रखा घास और लकड़ी भी जल गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रेम सिंह की पत्नी रबना देवी रविवार सुबह करीब 11:00 बजे गोशाला में सफाई करके गोबर उठाकर खेतों में फेंकने गई थी।
इस दौरान जब वह करीब 11:30 बजे लौटी तो देखा कि पशुशाला में आग लगी थी। उनके चिल्लाने पर लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने लगे। इस बीच रबना देवी और उनके दोनों बेटे आग बुझाते समय झुलस गए। प्रेम सिंह ने घटना की सूचना प्रशासन और स्थानीय पुलिस को दी। लडभड़ोल की तहसीलदार मेघना गोस्वामी ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिली है। राजस्व अधिकारी को मौके का जायजा लेने भेजा गया है। संवाद