नगर निगम ने बैहना वार्ड में लोगों और दुकानदारों को स्वच्छता के बारे में किया जागरूक, हिदायत भी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बैहना (मंडी)। नगर निगम के आखिरी वार्ड बैहना के लोगों से फिलहाल गारबेज शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन गीला और सूखा कूड़ा एक साथ देने पर लोगों को 500 रुपये और दुकानदारों को 1 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बैहना में वीरवार को आयोजित स्कूल शिक्षा संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्वच्छता को लेकर जागरूक करने हुए यह जानकारी नगर निगम के एसडीओ नरेश कुमार ने की। घर की सफाई को लेकर विद्यार्थियों से सवाल-जबाव भी किए गए।
इस मौके पर 40 फीसदी विद्यार्थियों ने बताया कि उनके घर में एक डस्टबिन है, जबकि 60 फीसदी विद्यार्थियों ने बताया कि उनके घर में कूड़े को लेकर 2 डस्टबिन रखे गए हैं। एसडीओ नरेश कुमार ने कहा कि अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें और घर में गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखें। सफाई कर्मी को गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग दें। इस अवसर पर निगम के सफाई निरीक्षक विनय कुमार, सफाई पर्यवेक्षक हरीश शर्मा, वार्ड सुपरवाइजर भगत राम, स्कूल मुख्य अध्यापिका स्वर्णा देवी, एसएमसी प्रधान नरेश कुमारी और अन्य मौजूद रहे।
बॉक्स
पार्षद बोले- वार्ड में गंदगी डालने वालों की दें जानकारी
स्थानीय पार्षद कृष्ण भानू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आप बिस्किट, टॉफी, कुरकुरे आदि खरीदते हैं तो उसके रैपर को इधर-उधर न फेंकें। घर में इकट्ठा करें। बाद में नगर निगम 75 रुपये किलो के हिसाब से खरीदेगा। उन्होंने लोगों से कूड़े को खुले स्थान नदी-नालों और पानी के स्रोतों में न फेंकें। उन्होंने कहा कि वार्ड में अगर कोई गंदगी फैला रहा है तो इसकी जानकारी दें। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स
शुल्क को लेकर बैठक में लेंगे फैसला
नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने बताया कि मर्ज एरिया के वार्ड बैहना और दोहंधी समेत जिन वार्डों में गारबेज शुल्क नहीं वसूला जा रहा है, उसे लेकर निगम के हाउस की अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा। साफ किया कि यदि कोई परिवार या दुकानदार सूखा व गीला एक साथ कूड़ा दे रहा है तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा।