बुधवार रात की घटना, रात को फोन पर जोर-जोर से बात करते हुए पहुंच गया वार्ड में
पकड़ने आए सुरक्षा कर्मचारी से हाथापाई के लिए उतारु हो गया, बाद में पुलिस के हवाले किया
नशे में धुत के व्यक्ति के साथ दो साथी भी मौके पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जोनल अस्पताल मंडी में बुधवार रात नशे में धुत एक व्यक्ति पुरुष वार्ड में घुस गया और हुड़दंग मचाने लगा। इस पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मी ज्ञान चंद और पुष्पराज ने उसे शांत करना चाहा, लेकिन व्यक्ति सुरक्षा कर्मी से ही उलझ किया। किसी तरह सुरक्षा कर्मी ने व्यक्ति को वार्ड से बाहर निकालकर यहां से जाने को कहा, लेकिन उसके दो और साथी मौके पर पहुंच गए और बहसबाजी पर उतारु हो गए। हालांकि बाद में उन्हें पुलिस के हवाले किया गया और चेतावनी देकर छोड़ा।
सुरक्षा कर्मी ज्ञान चंद और पुष्पराज ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:00 बजे जब वे ड्यूटी पर तैनात थे तो अस्पताल के बाहर ढाबे पर काम करने वाला एक व्यक्ति नशे में धुत्त होकर अस्पताल के पुरुष वार्ड में घुस गया। इस दौरान वह किसी से फोन पर जोर जोर से बात कर रहा था। जिससे अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को परेशानी हो रही थी। उसकी आवाज सुनकर सभी जाग गए।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात ज्ञान चंद ने व्यक्ति को बाहर जाने के लिए कहा तो वह हाथापाई पर उतारू हो गया और सुरक्षा कर्मचारी के गिरेबान पर हाथ डाल दिया। किसी तरह सुरक्षा कर्मचारी ने उसे बाहर निकाला। इस दौरान डयूटी पर तैनात पुष्पराज भी मौके पर पहुंचा और नशेड़ी को गेट से बाहर कर दिया। हो हल्ला सुन पास में ही बैठे व्यक्ति के दो दोस्त भी वहां आ धमके और सुरक्षा कर्मियों से बहसबाजी करने लगे। समझाने के बाद भी वे जाने को तैयार नहीं थे। इस दौरान नियमित रूप से गश्त कर रहे पुलिस जवान वहां पहुंचे और मामले की जानकारी हासिल कर तीनों लोगों को अस्पताल परिसर में बने पुलिस कक्ष तक पहुंचाया। जहां नाम पता लिखने के बाद उन्हें चेतावनी देते हुए छोड़ दिया।
उधर, जोनल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. धर्म सिंह वर्मा ने बताया कि सुरक्षा कर्मचारी नशेड़ी या हुड़दंग मचाकर माहौल खराब करने वालों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि इस तरह के लोगों पर कार्रवाई की जा सके।