मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी में आयोजित 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। ऑवर ऑल बेस्ट प्रतियोगिता का खिताब रावमापा कन्या मंडी और कटौला ने जीता। वॉलीबाल में रावमापा कटौला विजेता ने कन्या मंडी को हराकर खिताब जीता।
बैडमिंटन में रावमापा कन्या मंडी ने एसवीएम मंडी को हराया। खो-खो प्रतियोगिता में रावमापा बागी ने कटौला को पराजित किया। कबड्डी प्रतियोगिता में रावमापा पंडोह ने द्रंग को हराकर शील्ड अपने नाम की। वहीं मार्च पास्ट में रावमापा द्रंग प्रथम स्थान पर रहा। इस मौके पर मुख्य अतिथि अनिल शर्मा ने कहा कि मंडी शहर के समीप कांगणी धार में खेल मैदान विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रारूप तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संगीत प्रवक्ता की नियुक्ति की जाएगी। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। जिसके प्रोत्साहन के लिए अनिल शर्मा ने 11 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने मेरी लाडली कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताया। इस मौके पर स्थानीय स्कूल की कार्यकारी प्रधानाचार्य सर्वमंगला ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर परिषद की अध्यक्षा सुशीला सौंखला, मनोनीत पार्षद आकाश और अन्य मौजूद थे।