हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र को लेकर भक्तों में उत्साह
नौ दिनों तक मंदिरों में भजन-कीर्तन का रहेगा दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। छोटी काशी मंडी में हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों में श्रीमद् देवी भागवत कथा के साथ ही वीरवार सुबह से शतचंडी और दुर्गा पाठ प्रारंभ होंगे। सेरी मंच पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुबह 9 बजे गणपति पूजन, साढ़े 9 बजे हवन और साढ़े 10 बजे पूर्णाहुति होगी। इसके बाद विभिन्न संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। माता के नौ रूपों की नौ दिनों तक विशेष पूजा-पाठ के साथ भजन-कीर्तन का दौर जारी रहेगा। इस अवसर पर भक्त नौ दिनों तक निराहार रहकर माता की भक्ति का प्रमाण देंगे। बाजारों में भी इस अवसर की चहल-पहल दिखाई दी और दुकानदारों के चेहरों पर रौनक देखी गई। मंदिरों में हवन, यज्ञ, कन्या पूजा और भीमाकाली मंदिर में शतचंडी पाठ नौ दिनों तक आयोजित होंगे। प्रतिदिन सुबह 7 बजे मूल पाठ का आयोजन होगा। अंतिम दिन मंदिर परिसर में हवन, यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आज से दुर्गा पाठ की शुरुआत
जिले के टारना माता, शीतला माता मंदिर, कोयला माता मंदिर, बगलामुखी, अवाह देवी, नैणा माता, भुवनेश्वरी मंदिर, काली चामुंडा, महाकाली, सिद्धकाली, त्रोकड़ा माता, हाटेश्वरी माता, महामाया मंदिर, महिषासुर, चिंतपूर्णी, मुरारी माता मंदिर, शिकारी माता मंदिर समेत अन्य मंदिरों में दुर्गा पाठ आयोजित होंगे।
सिद्धकाली माता मंदिर में होगा विशेष आयोजन
पुजारी जगदीश शर्मा ने कहा कि सिद्धकाली माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर सुबह 8 बजे से दुर्गा पाठ प्रारंभ होगा। मंदिर परिसर सुबह से शाम तक खुला रहेगा। 26 मार्च को रामनवमी के दिन हवन, यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके पूर्व अष्टमी पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा।