मंडी। खलियार वार्ड में स्थित वन निगम का लकड़ी डिपो कार्यालय बुधवार सुबह जल गया। सुबह करीब नौ बजे आग लगी। इस कार्यालय में दो स्टोर थे। इसमें एक में लकड़ियां और दूसरे में तेजाब के ड्रम थे।
अचानक धुआं उठा और कार्यालय को आग की लपटों ने घेर लिया। आसपास रिहायशी इलाका होने के चलते अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। तब तक कार्यालय का रिकॉर्ड और अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया।
बता दें कि यह भवन करीब चालीस साल पुराना है। प्रारंभिक तौर पर अग्निकांड का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। लकड़ी डिपो कार्यालय के प्रभारी राम सिंह ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे वह अन्य कर्मियों के साथ जैसे ही कार्यालय पहुंचे तो उन्हें साथ वाले कमरे से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने अपने कमरे में मौजूद सामान को बाहर निकालने का कार्य शुरू कर दिया और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।
राम सिंह और अन्य कर्मचारी कुछ सामान को बाहर निकालने में कामयाब हुए लेकिन बाद में आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और चार कमरों का यह भवन धू-धूकर जल उठा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड के कारण कार्यालय में रखा रिकॉर्ड और अन्य सामान जलकर राख हो गया है। वहीं यहां पर स्टोर में कुछ लकड़ी और तेजाब भी रखा था जो भी जलकर नष्ट हो गए हैं।
बेतरतीब पार्किंग से आग बुझाने में हुई मुश्किलें
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड रवाना हो गई। लकड़ी डिपो के कार्यालय तक बेतरतीब खड़े वाहनों ने घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने में अड़चनें पैदा की। दमकल विभाग के जवानों को बेतरतीब ढंग से खड़े किए वाहनों के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश था कि लोगों ने बीच सड़क पर वाहनों का बेतरतीब ढंग से पार्क कर रखा है। एसपी मंडी ने कहा कि आग लगने के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। मौके पर वन निगम के लकड़ी डिपो के कार्यालय के स्टाफ के बयान कलमबद्ध भी किए हैं।
मंडी के खलियार में लकड़ी डिपों में उठतीं आग की लपटें। संवाद- फोटो : Mandi
खलियार में आग को बुझात अग्निशमन विभाग के कर्मचारी- फोटो : Mandi
खलियार में धूं धूंकर जलता हुआ लकड़ी को डिपो- फोटो : Mandi