सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह सरकाघाट स्कूल के खेल मैदान में मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को एसडीएम स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। एसडीएम स्वाति डोगरा ने बताया कि 26 जनवरी प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। पुलिस, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स की परेड की सलामी ली जाएगी। इसके बाद देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी जगदीश शर्मा, अतिरिक्त थाना प्रभारी जयराम कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संतोष पाठक, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अनिल कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद