आग की 487 घटनाओं में दमकल ने बचाई एक अरब की संपत्ति, 46 जिंदगियां
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दमकल विभाग जोगिंद्रनगर ने पिछले 12 सालों में 487 आग की घटनाओं में करीब एक अरब की संपत्ति और 46 जिदंगियां बचाई हैं। अब हाईटेक उपकरण मिलते ही दमकल चौकी जोगिंद्रनगर केमिकल और बिजली की हाई वोल्टेज तारों में फैली आग को बुझाने में भी सक्षम है। सीओटू और वाटर मिस्ड से दमकल के जवान पेट्रोल, डीजल की आग को भी बड़ी आसानी से काबू पा रहे हैं। यह जानकारी दमकल चौकी के प्रशामकों को संबोधित करते हुए कर्म सिंह ने दी।
टाइप टू के हाईटेक वाटर टेंडर में डिजास्टर सुविधा से संबंधित व तमाम उपकरणों से लेस हैं, जिससे चंद मिनटों में ही बड़े से बड़े रेस्क्यू को पूरा करने में मददगार साबित हो रहे हैं। यह जानकारी जोगिंद्रनगर में अग्निशमन सेवा सप्ताह के शुभारंभ पर दमकल चौकी के प्रशामकों को संबोधित करते हुए कर्म सिंह ने कहा कि किसी भी प्राकृतिक और अप्राकृतिक घटना से आमजन को सुरक्षित बचाने के लिए दमकल के प्रशामकों का सदैव ही अहम योगदान रहता है। बताया कि वर्ष 2018 में उपमंडल पधर के कोटरोपी में आई भयंकर त्रासदी के दौरान भी स्थानीय दमकल विभाग ने अहम भूमिका निभाई थी, जबकि चौहार घाटी के दुर्गम क्षेत्रों में घटी आग की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए भी दमकल विभाग हमेशा आगे रहा है। इसके अलावा गर्मी के मौसम में वन संपदा को भी आग की घटनाओं से बचाने में दमकल के जवान अपनी जान पर जोखिम उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2012 में संचालित दमकल चौकी और अब तक करीब 487 अलग-अलग प्रकार की अग्निकांड व प्राकृतिक आपदाओं में करीब 98 करोड़ 36 लाख रुपये की संपत्ति को नष्ट होने से बचाया गया है। 226 रेस्क्यू अभियान में 46 जिदंगियां भी बचाई हैं।