आरा मशीन में इमारती लकड़ी, किराना स्टोर में खाद्य सामग्री जली
...................................
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। उपमंडल गोहर की ग्राम पंचायत नांडी के कट्टवांडी गांव में सोमवार देर शाम आग लगने से तीन दुकानों को नुकसान पहुंचा है। आग की घटना में करीब चार लाख रुपये का नुकसान आंका है। देर रात पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी थी, लेकिन सड़क सुविधा न होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाई। स्थानीय लोगों ने मिलकर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
ग्राम पंचायत नांडी के प्रधान फता राम ने बताया कि सोमवार देर शाम लगभग 8:15 बजे रूप लाल पुत्र नरंगू की दुकान के बाहर रखे बालन, इमारती लकड़ी और अन्य सामान में अचानक आग लग गई। किराने की दुकान और आरा मशीन को भी नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों ने भरसक प्रयास किए, लेकिन बालन के कारण आग तेजी से फैली। इससे किराना दुकान के अंदर वायरिंग और सामान जलकर राख हो गया।
उधर, थाना प्रभारी गोहर लाल चंद ठाकुर ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। न ही किसी ने किसी प्रकार की कोई शिकायत दर्ज करवाई है। इधर, उपमंडल अधिकारी नागरिक गोहर लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि उन्हें आग घटना का सूचना मिली थी। स्थानीय पटवारी को भेजकर घटना और नुकसान का आकलन करने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर उचित राहत प्रदान की जाएगी। संवाद