सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट के तहत रखोटा में एक बंद पड़े सेरीकल्चर (रेशम कीट पालन) भवन में आग लग गई। इस घटना में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब 10:42 बजे दमकल विभाग सरकाघाट को फोन के माध्यम से घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के प्रभारी विक्रांत सेन के निर्देश पर विभाग की गाड़ी चार कर्मियों के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर स्थानीय लोग पहले से ही आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
दमकल विभाग के कर्मियों तिलक कुमार, मोहन लाल, केदारनाथ और चालक दीपक ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते उठाए गए कदमों के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। दमकल विभाग के प्रभारी विक्रांत सेन ने बताया कि आग लगने से सेरीकल्चर भवन को लगभग पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि भवन बंद पड़ा था, इसलिए आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की गहनता से खोजबीन में जुटा हुआ है। संवाद