अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर भेजा, नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। 134 ग्राम चिट्टा मामले में गिरफ्तार सप्लायर आरोपियों की पुलिस वित्तीय जांच पड़ताल भी करेगी। मंगलवार को दोनों स्थानीय सप्लायरों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और संपर्कों की पड़ताल की जाएगी। दोनों आरोपियों के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी प्राथमिकी दर्ज हैं। अब पुलिस इनके जरिए सक्रिय लोकल नेटवर्क और पैडलरों तक पहुंचने की तैयारी में है।
आरोपी क्षेत्र में पैडलरों के माध्यम से नशे की सप्लाई कर रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी के बाद सलापड़ और आसपास के क्षेत्रों में राहत का माहौल है। पुलिस अब आरोपियों की संपत्ति, बैंक खातों और अन्य वित्तीय स्रोतों की भी जांच करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे के कारोबार से अर्जित धन का उपयोग कहां किया जा रहा था।
उधर, एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है। कहा कि आरोपियों से गहन पूछताछ कर नेटवर्क की पूरी शृंखला का खुलासा किया जाएगा। जिनकी भी संलिप्तता पाई जाएगी, उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।