लडभड़ोल स्वास्थ्य खंड में 248 पात्र, हर महीने मिल रहे तीन हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर/लडभड़ोल (मंडी)। मुख्यमंत्री सहारा योजना के सभी लाभार्थी प्रत्येक छमाही में अपने जरूरी दस्तावेजों को अपडेट करना सुनिश्चित बनाएं ताकि उन्हें निर्बाध तौर पर वित्तीय मदद मिल सके। लाभार्थियों की ओर से प्रत्येक छमाही में जीवन प्रमाणपत्र, आय प्रमाण पत्र तथा बीपीएल प्रमाण पत्र संबंधी जानकारी को अपडेट करना जरूरी है। सहारा योजना के बहुत से लाभार्थियों के जरूरी दस्तावेज अपडेट न होने के कारण उन्हें समय पर भुगतान सुनिश्चित नहीं हो पाता है।
खंड चिकित्साधिकारी (बीएमओ) लडभड़ोल डॉ. लाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने आशा कार्यकर्ताओं को प्रपत्र उपलब्ध करवाए हैं। इनकी मदद से लाभार्थी समय-समय पर अपने जरूरी दस्तावेजों को अपडेट करवा सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए बीएमओ लडभड़ोल या फिर एमआईएस ऑपरेटर निर्दोष के मोबाइल नंबर 93179-16249 पर संपर्क कर सकते हैं।
वर्तमान में लडभड़ोल चिकित्सा खंड में 248 पात्र लोग मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत लाभान्वित हो रहे हैं। योजना के माध्यम से प्रतिमाह 3 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जा रही है। इस योजना में गंभीर बीमारियों से पीड़ित ऐसे मरीज पात्र हैं जिनकी वार्षिक आय 4 लाख रुपये से कम है। संवाद