जोगिंद्रनगर (मंडी)। एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों के टूटे हुए फर्नीचर को देखकर अस्पताल प्रबंधन को लताड़ लगाई।
अस्पताल में टूटी और पुरानी कुर्सियों के लिए भी अस्पताल प्रशासन को अविलंब व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने अस्पताल में फिर से शुरू होने जा रही वैक्सीनेशन की व्यवस्था को जांचा। अस्पताल के दो गायनी विशेषज्ञ चिकित्सक की ओपीडी में हो रहे पानी के रिसाव पर भी एसडीएम ने चिंता व्यक्त की।
अस्पताल प्रशासन से इसकी रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ अस्पताल की दंत ओपीडी का निरीक्षण किया तो वहां पर भी फर्नीचर टूटा हुआ पाया। प्रतीक्षालय परिसर में बिजली की ट्यूबलाइट हवा में झूल रही थी। अस्पताल प्रशासन को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के दिशा निर्देश दिए। एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल और मेट्रन रामप्यारी ने कहा कि चिकित्सकों के टूटे हुए फर्नीचर को जल्द बदला जाएगा।
एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि अस्पताल में टूटे हुए फर्नीचर की व्यवस्था चिंताजनक है। इसमें शीघ्र बदलाव के बारे में अस्पताल प्रबंधन को दिशा निर्देश दिए हैं। संवाद