मंडी। विधानसभा क्षेत्र द्रंग के तहत पधर-रोपा वाया बल्ह टिक्कर सड़क को बने डेढ़ दशक बीत गया है लेकिन इसे आज तक पक्का नहीं किया जा सका है। 18 साल पहले सड़क का निर्माण किया गया था। इसके अलावा सड़क किनारे पैरापिट भी नहीं बनाए गए हैं। जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। गत वर्ष इस सड़क पर आधा दर्जन हादसों में कई जानें गई हैं। क्षेत्र के दर्जनों गांवों को यह सड़क पधर और जिला मुख्यालय से जोड़ती है। लेकिन, विभाग सड़क की सुध नहीं ले रहा है।
ग्रामीणों ने दर्जनों बार सड़क को पक्का करने और पैरापिट लगाने की मांग विभाग और प्रशासन से की है। लेकिन, मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बल्ह टिक्कर पंचायत में दो सौ से अधिक लोगों की मौजूदगी में गत माह तीन अप्रैल को सड़क की हालत में सुधार करने की मांग को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस प्रस्ताव को विभाग को सौंपा गया लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी सड़क की हालत सुधारने का विभाग की ओर से प्रयास नहीं किया जा रहा है। 18 साल में यह सड़क पधर से सुराहण तक तीन किमी ही पक्की हो सकी है।
सड़क ही हालत नहीं सुधारी तो आंदोलन करेंगे ग्रामीण
क्षेत्र की तीन पंचायतों के बल्ह टिक्कर के गांव बल्ह टिक्कर, तरैला, बागण, बुराहण, सरनी, जोरला, रोपा पंचायत के रोपा, द्रुण छुछल, पतण, तिल्ली, कथोग पंचायत के पेखरा, घुनाड सहित अन्य गांवों को यह सड़क पधर और जिला मुख्यालय से जोड़ती है। ग्रामीणों बेसर सिह, चिंत राम, पवन कुमार, किशन चंद, रोशन लाल, लाभ सिंह, संतोष कुमार, तिलक राज, अर्जुन सिंह, तारा चंद वार्ड सदस्य, अरुण कुमार, बुद्धि सिंह, शर्मिला देवी, सवित्रा देवी, कृष्ण कुमार, कृष्णा देवी, पुरुषोत्तम, भूप सिंह, राम कली, चूड़ामणी, टेक चंद वार्ड सदस्य, पूर्ण चंद वार्ड सदस्य ने विभाग को कई बार समस्या के बारे में बताया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जल्द ही अगर सड़क ही हालत नहीं सुधारी गई तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।
कोट्.........
सड़क को पक्का करने के लिए जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जहां-जहां पैरापिट की जरूरत है, वहां पैरापिट लगाएं जाएंगे। पंचायत की ओर से पारित प्रस्ताव विभाग के ध्यान में है।
...केके शर्मा अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग