करसोग में हुई हिमाचल प्रदेश परिवहन चालक यूनियन की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। हिमाचल प्रदेश परिवहन चालक यूनियन की बैठक मंगलवार को करसोग में हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन प्रदेशाध्यक्ष मिलाप चंद और प्रांत प्रधान मान सिंह ने की। प्रांत प्रधान ने कहा कि संयुक्त समन्वय समिति की ओर से निगम प्रबंधन को धरना-प्रदर्शन को लेकर दिया गया नोटिस सही है। यदि प्रबंधन ने उनकी मांगों को नहीं माना तो 16 अक्तूबर को ड्राइवर यूनियन और संयुक्त समन्वय समिति निगम प्रबंधन मुख्यालय के बाहर बड़ा प्रदर्शन करेंगी।
कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम का हर वर्ग का कर्मचारी देय भत्तों के न मिलने से परेशान है। पे कमीशन 2016 की देय एरियर की 50 हजार रुपये की किश्त अन्य विभागों के सभी कर्मचारियों, पेंशनरों को मिल चुकी है, लेकिन अभी तक परिवहन निगम के कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिला है। निगम के कर्मचारियों के लगभग 1500 करोड़ के अलग-अलग देय भत्तों का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने निगम प्रबंधन को चेताया कि 16 अक्तूबर से पूर्व सभी भत्तों का भुगतान न किया तो यूनियन उग्र प्रदर्शन करेगी। उन्होंने मांग उठाई कि पिछले 55 माह का रात्रि व अतिरिक्त भत्ता भी एक मुश्त दिया जाए। इस मौके पर प्रांतीय पदाधिकारी गंगा राम, सुरेश, राजेंद्र, दीपक, सुधीर, जगननाथ व अन्य मौजूद रहे।