प्रदेश मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के आह्वान पर जोनल अस्पताल मंडी में डॉक्टरों ने बुधवार को तीसरे दिन भी दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक जारी रखी। हड़ताल का तीन दिनों से व्यापक असर रहा। दूरदराज क्षेत्रों से इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को दो घंटों तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहीं। अन्य ओपीडी और सेवाएं पूर्ण रूप से बंद रही। ओपीडी में खाली कुर्सियों को देख मरीज परेशान रहे।
एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों के समर्थन में सोमवार से सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 बजे तक दो घंटे पेन डाउन स्ट्राइक शुरू की। एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार के डॉक्टरों को बड़े अक्षरों में दवाओं के नाम व जेनरिक दवाएं लिखने के फरमान और डॉक्टरों को एफएसओ नियुक्त करने के निर्णय पर एतराज जताया है।
एसोसिएशन ने इस फरमान को वापस लेने और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर, एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. एनके भारद्वाज ने बताया कि दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल जारी है। हड़ताल के दौरान इमरजेंसी में डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। वार्ता के लिए न बुलाने पर एसोसिएशन बैठक में लिए गए निर्णय के मुताबिक आंदोलन को तेज करेंगे। इस मौके पर डॉ. सुनील, डॉ. ममता, डॉ. नागराज पवार, डॉ. राकेश, डॉ. विशाल और अन्य मौजूद थे।