चार जिलों से 15 पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान और बीडीसी सदस्य रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। एनटीपीसी कोल डैम स्टेशन की ओर से हितधारक संवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में परियोजना प्रभावित 15 पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और बीडीसी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर की ओर से की गई। वरिष्ठ प्रबंधक मानव संसाधन प्राची छाबड़ा ने बताया कि संवाद बैठक का मुख्य उद्देश्य गत वर्ष के सामाजिक दायित्व के तहत किए कार्यों की समीक्षा व नई प्रस्तावित योजनाओं की चर्चा करना था।
बैठक में प्रत्येक पंचायत के प्रतिनिधियों की ओर से अपने क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी दी गई। एनटीपीसी कोलडैम की प्रभावित पंचायतें चार जिलों मंडी, शिमला, सोलन और बिलासपुर के तहत आती हैं। एनटीपीसी कोलडैम की ओर से गत वर्ष के कार्य और नई योजनाओं के बारे में बताया गया और पंचायतों की ओर से सुझावों की समीक्षा के बाद उन्हें भविष्य में क्रियान्वित करने के लिए आश्वस्त किया गया। एनटीपीसी कोलडैम प्रबंधन की ओर से बैठक में उपस्थित समस्त हितधारकों को बताया कि एनटीपीसी ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ समाज और आसपास के गांव के चहुंमुखी विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है और इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यान्वित करने के लिए तत्पर रहती है। संवाद बैठक के बाद एनटीपीसी कोलडैम की ओर से गत वर्ष में सीएसआर के तहत किए गए कार्यों की पुस्तिका सामाजिक सरोकार का विमोचन किया गया। इस मौके पर सभी जनप्रतिनिधियों को एनटीपीसी कोलडैम के आवासीय परिसर में आयोजित की जा रही बालिका सशक्तिकरण कार्यशाला का दौरा किया और इस कार्यशाला की प्रतिभागियों से वार्तालाप किया और उनकी प्रस्तुति को भी देखा।