जोढन पंचायत में किसान सभा गठित, बलबीर ठाकुर बने अध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। स्थानीय समस्याओं को लेकर हिमाचल किसान सभा ने शनिवार को धर्मपुर खंड के सज्याओ क्षेत्र की जोढन पंचायत से जनसंपर्क अभियान शुरू किया। भूपेंद्र सिंह, खंड संयोजक की अध्यक्षता में हुई बैठक में पंचायत स्तरीय कमेटी गठित की गई। इसमें बलबीर ठाकुर अध्यक्ष, निशु राणा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विपिन कुमार व राजमल ठाकुर उपाध्यक्ष, हरिचंद ठाकुर महासचिव, श्याम सिंह सचिव, राजकुमार मंगयाना आयोजन सचिव और जगदीश राणा कोषाध्यक्ष चुने गए। डीएम बीरी सिंह को संरक्षक, भोलादत्त कश्यप को मुख्य सलाहकार तथा पंडित ज्ञान चंद व रत्न चंद ठाकुर को सलाहकार नियुक्त किया गया।
सभा ने सज्याओ होकर चलने वाले आठ बंद बस रूट बहाल करने और शाम के समय धर्मपुर व हमीरपुर के लिए पर्याप्त बस सेवा शुरू करने की मांग की। स्कूल समय की बसें बंद होने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
सज्याओपिपलू स्वास्थ्य केंद्र को सीएचसी का दर्जा मिलने के बावजूद एक्सरे व अन्य जांच सुविधाएं नहीं हैं और शाम चार बजे के बाद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं रहतीं। सभा ने 24 घंटे चिकित्सा सुविधा शुरू करने की मांग की। बैठक में बिजली कटौती, पेयजल संकट, शिक्षकों की कमी, पशु चिकित्सालय व डिस्पेंसरी न होने तथा पंचायतों में कर्मचारियों की कमी के मुद्दे भी उठे। किसान सभा ने जल्द ज्ञापन सौंपने और मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।