ठाकुरदास राठी, सुनील चौहान और काकू राम ठाकुर देंगे प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। नगर परिषद नेरचौक की ओर से आयोजित जिला स्तरीय नलवाड़ एवं देवता मेला भंगरोटू में इस वर्ष लोगों के मनोरंजन के लिए तीन भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से बल्हघाटी के लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
15 मार्च को आयोजित होने वाली पहली सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली नाटियों को नई पहचान दिलाने वाले स्टार सिंगर और नॉटी किंग ठाकुरदास राठी अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। इस संध्या का मंच संचालन कुलदीप गुलेरिया करेंगे। 16 मार्च को दूसरी सांस्कृतिक संध्या में सारेगामापा फाइनलिस्ट सुनील चौहान अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। उनके साथ वॉयस ऑफ विंटर कार्निवल के विजेता ऋषभ भारद्वाज भी मंच पर प्रस्तुति देंगे।
17 मार्च को तीसरी और अंतिम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के प्रसिद्ध कलाकार और स्टार सिंगर काकू राम ठाकुर दर्शकों को अपनी प्रस्तुतियों पर थिरकने के लिए मजबूर करेंगे। नगर परिषद नेरचौक के कार्यकारी अधिकारी हितेश कुमार ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं को सफल बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन इकाई बल्ह, जय लखदाता छिंज कमेटी भंगरोटू और मांडव्य कला मंच का विशेष सहयोग मिल रहा है।