आउटसोर्स भर्ती का युवतियों ने जताया विरोध, 'आउटसोर्स नहीं चलेगा' सूचना लेकर घूमी युवती
मंडी के पड्डल गुरुद्वारा के पास स्कूल में हुई भर्ती प्रक्रिया, पंजीकरण के बाद मिला मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एनएचएम यानी नेशनल हेल्थ मिशन के तहत आउटसोर्स माध्यम से विभिन्न 157 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में बेरोजगार युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। भर्ती प्रक्रिया शनिवार को पड्डल के गुरुद्वारा परिसर के साथ लगते एक स्कूल में हुई। यहां पहले उम्मीदवारों का पंजीकरण किया गया, इसके बाद परीक्षा हुई।
आउटसोर्स के जरिये भी रोजगार पाने के लिए युवाओं में खूब होड़ लगी रही। इसी बीच आउटसोर्स भर्ती का कुछ युवतियों ने विरोध भी किया। 'आउटसोर्स नहीं चलेगा' सूचना लेकर एक युवती केंद्र के आसपास घूमती रही और आवाज बुलंद की। दो दिन चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन शनिवार को सुबह से ही पड्डल गुरुद्वारा के बाहर युवतियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। पहले दिन करसोग, सुंदरनगर, धर्मपुर, सरकाघाट, नाचन और अन्य जिले के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रहा। इन क्षेत्रों के उम्मीदवारों ने पहले आवेदन फार्म भरा। इसके बाद पंजीकरण करवाया और बाद में परीक्षा दी। रविवार को इसी भर्ती प्रक्रिया में द्रंग, जोगिंद्रनगर, सदर, मंडी, बल्ह और अन्य क्षेत्रों के उम्मीदवार भाग लेंगे। रोजगार की राह ताक रहे युवा किसी भी माध्यम से भर्ती होकर नौकरी पाने के लिए शनिवार को आतुर दिखे। युवाओं की भीड़ को रोकने के लिए आयोजकों को गेट बंद कर व्यवस्था बनानी पड़ी। थोड़े-थोड़े उम्मीदवारों को गेट के अंदर प्रवेश देकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करवाई गई।
एनएचएम के तहत स्टाफ नर्स, सीएचओ, ओटीए, फार्मासिस्ट, काउंसलर समेत अन्य विभिन्न वर्ग के कुल 157 पदों पर आउटसोर्स माध्यम से मंडी जिले में भर्ती की जा रही है। यह भर्ती मंडी की ही एक कंपनी करवा रही है। एनएचएम के तहत स्वास्थ्य विभाग में तैनाती मिलनी है।