चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह बनाला के शनि मंदिर के पास पिकअप अनियंत्रित होकर ब्यास नदी के किनारे जा गिरी। हादसे में एक बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गए हैं जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं में दाखिल किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पिकअप सैंज से टमाटर की खेप लेकर टकोली सब्जी मंडी की ओर आ रही थी।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब सवा चार बजे टमाटर लेकर टकोली सब्जी मंडी आ रही पिकअप जीप एचपी 66-1632 बनाला के शनि मंदिर के पास अनियंत्रित होकर ब्यास नदी के किनारे जा गिरी। हादसे में जीप में सवार चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। जीप हादसे का पता लगते ही आसपास के लोग और औट थाना पुलिस बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। घायलों को निकाल कर नगवाईं सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
घायलों में सैंज निवासी चालक लाल सिंह, बिहारी लाल, बालक बोध राज, महेंद्र कुमार और अमर सिंह शामिल है। पुलिस अधीक्षक प्रेम कुमार ठाकुर के अनुसार बनाला के पास चालक द्वारा नियंत्रण खो जाने के कारण जीप सीधे ब्यास नदी के किनारे जा गिरी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।