यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिला हाईवे पेट्रोलिंग और सुंदरनगर पुलिस ने मंडी से लेकर सलापड़ तक कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने तेज रफ्तार, लाल और नीली बत्ती लगाने, काले शीशे और फ्लैग लगाने पर 19 वाहनों के चालान किए। इसमें 14 वाहन चालकों के लाइसेंस जब्त कर तीन माह तक लाइसेंस रद्द करने के लिए संबंधित लाइसेंस अथॉरिटी को भेज दिए।
सोमवार को जिला हाईवे पेट्रालिंग पुलिस और सुंदरनगर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने दिल्ली नंबर की कार डीएल2एफएल-00003 पर लालबत्ती लगी होने पर चालान किया। पुलिस ने पंजाब नंबर की कार पीबी 08-6668 पर नीली बत्ती लगाने पर चालान किया। मंडी से अंबाला कैंट जा रही परिवहन निगम की बस एचपी 31ए-5509 तेज रफ्तार से चलाने पर चालक का चालान किया।
पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस और सुंदरनगर पुलिस ने विशेष अभियान के तहत सोमवार को मंडी से सलापड़ तक 19 वाहनों का चालान किया। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार 14 वाहनों के चालकों का लाइसेंस तीन माह के लिए रद्द करने को संबंधित लाइसेंस अथॉरिटी को भेजे गए।