औट थाना के तहत औट-लुहरी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर थलौट टनल के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक अनियंत्रित कार लारजी डैम में गिर गई। इसमें कार चालक की मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार कार में सवार एक अन्य व्यक्ति ने तैर कर अपनी जान बचाई। उसके बाद यह व्यक्ति मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर पाई है। पुलिस के अनुसार कार में चालक ही सवार था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोटली निवासी बालम राम सैंज से कोटली जा रहा था। इस दौरान थलौट टनल के पास पहुंचते ही कार चालक बालम राम ने अचानक कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर डैम में जा गिरी। घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने जल्द ही बालम राम को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक केंद्र नंगवाई पहुंचाया, लेकिन प्राथमिक उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोपहर बाद क्रेन से कार को डैम से बाहर निकाला। तहसीलदार अनिल कुमार ने मौके पर पहुंच कर मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की है। पुलिस चौकी बालीचौकी प्रभारी मोहर सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, एचएचओ औट लाल चंद ने कहा कि लोग कार में एक अन्य व्यक्ति के सवार होने की बात कर रहे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।