सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल में एक नाबालिग कॉलेज छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। नाबालिग की उम्र महज 17 वर्ष है। लड़की ने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में बच्चे को जन्म दिया है। यह मामला सरकाघाट पुलिस थाने में दर्ज हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा के परिजनों ने सोमवार रात्रि 108 एंबुलेंस को यह कहकर बुलाया कि उनकी लड़की के पेट में जोर कर दर्द उठा है। बताए गए पते से एंबुलेंस के कर्मचारियों ने लड़की को अस्पताल पहुंचा दिया, जहां पर ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने लड़की के गर्भवती होने का खुलासा किया। लड़की का सुरक्षित प्रसव करवाने के बाद जब उसकी उम्र और पता पूछा गया तो उसने बताया कि वह अभी 17 वर्ष की है, जबकि आरोपी युवक 19 वर्ष का बताया जा रहा है। उधर, पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन शुरू करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ दुराचार और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया है। आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। डीएसपी कर्ण गुलेरिया ने मामले की पुष्टि की है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।