अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल के हवानी गांव में एक रिहायशी मकान से आभूषण, नकदी और कपड़े चुराने वाला कोई और नहीं उसी घर में आने-जाने वाली पड़ोस के गांव की नाबालिग लड़की निकली है। युवती ने सोचा था कि उस पर कोई शक नहीं करेगा लेकिन उसे क्या मालूम था कि जिस सूट को लेकर वह चुरा कर अपने साथ लाई है वही उसे पुलिस तक पहुंचा देगा। उसने सूट को पहना और इसकी भनक तुरंत पुलिस तक पहुंच गई , जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने लड़की से बात की और लड़की ने अपना गुनाह कुबूल लिया। थाना प्रभारी धर्मपुर सूरम सिंह के नेतृत्व में लड़की के घर से पुलिस ने नकदी और अन्य सामान तथा कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी घर से परिचित थी। उसे मालूम था कि परिवार के सदस्य घर पर नहीं हैं और वह आराम से चोरी की घटना को अंजाम दे सकती है। उसने घर के ताले तोड़कर आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया और वहां नकदी सहित अन्य सामान को लेकर वह निकल गई।
संदिग्धों की सूचना पुलिस को दें
घटना की पुष्टि धर्मपुर थाना प्रभारी सूरम सिंह ने की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह घर के अंदर रखी नकदी तथा आभूषणों के बारे में किसी को जानकारी न दें। अगर गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ नजर आए तो इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाना और पुलिस चौकी को दें।