मंडी। जोनल अस्पताल मंडी के गायनी वार्ड से रविवार रात से लापता 20 वर्षीय महिला का शव अस्पताल से सटे गणपति नाले में पेड़ से लटका मिला है। बताया जा रहा है कि महिला का हाल ही में गर्भपात हुआ था। जिससे वह परेशान चल रही थी। महिला की गुमशुदगी का केस सदर थाना में 14 मई को दर्ज किया गया था। जिसके बाद से पुलिस परिजनों के साथ लगातार महिला को तलाश रही थी। मंगलवार को पुलिस टीम ने अस्पताल से सटे हुए गणपति नाला में शव को बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है।
पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान ललिता पत्नी छज्वेंद्र निवासी त्रैमटा पंचायत मलोह सुंदरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महिला जोनल अस्पताल के गायनी वार्ड में 10 मई को दाखिल की गई थी। रविवार रात को महिला शौच के बहाने अचानक अस्पताल से गायब हो गई। इस दौरान महिला का पति और ननद साथ थे। उन्होंने महिला को अस्पताल में हर जगह तलाश किया और सुरक्षा कर्मियों को भी इसकी जानकारी दी। लेकिन, बड़ी देर तक अस्पताल में तलाश करने पर भी महिला का कोई पता नहीं चला। जिसके बाद परिजनों और अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस टीम ने मंगलवार को महिला का शव गणपति नाले में पेड़ से फंदे से लटका हुआ बरामद किया। बताया जा रहा है कि महिला की शादी छह माह पहले ही हुई थी। एसएचओ सदर थाना सुनील सांख्यायन ने कहा कि महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था। प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का केस लग रहा है। महिला का गत दिनों गर्भपात हुआ था। जिसके बाद महिला परेशान चल रही थी। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।