सरकाघाट (मंडी)। युवकों ने शातिराना अंदाज में बसंतपुर गांव की एक महिला के ऑनलाइन खाते से चालीस हजार की रकम पर हाथ साफ कर दिया है। ठगी का पता चलते ही महिला के पति ने पुलिस थाना सरकाघाट में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे एटीएम क्लोनिंग की संभावना जता रही है।
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक कुशब कुमार पुत्र बृज लाल निवासी ग्राम एवं डाकघर बसंतपुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी प्रोमिला देवी 27 सितंबर को सरकाघाट स्थित स्टेट बैंक की शाखा की ओर से स्थापित एटीएम से दस हजार रुपये निकालने के लिए गई और उसी समय तीन अन्य अजनबी युवक भी वहां खड़े थे। शिकायतकर्ता की पत्नी ने तीन बार रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन पैसे नहीं निकले और वह घर लौट आई। जब वह वीरवार को बैंक में अपनी पासबुक को अपडेट करने गई तो उसे पता चला कि 27 सितंबर को ही उसके बैंक खाते से दस हजार निकाल लिए गए थे और उसके बाद अन्य तिथि को भी उसके खाते से तीस हजार की राशि निकाल ली गई थी।
बढ़ने लगे इस तरह की ठगी के मामले
मंडी जिला में एटीएम ठगी के मामले बढ़ने लगे हैं। वीरवार को होमगार्ड के खाते से शातिरों ने एटीएम का पिन पूछकर 25 हजार की रकम उड़ा ली थी। इसी प्रकार आठ अक्तूबर को अन्य मामले में गांधी पुत्र अच्छर राम गांव जाजर के खाते से भी रकम उड़ाई जा चुकी है। वहीं, नेरचौक, सुंदरनगर और मंडी में भी कार्ड बदलने आदि के कई मामलों में लोग लाखों की जमापूंजी गंवा चुके हैं।
हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच
उधर, थाना प्रभारी भारतभूषण ने कहा कि एटीएम क्लोनिंग का मामला हो सकता है। पुलिस इस पहलू पर जांच कर रही है। बताया कि पुलिस शिकायतकर्ता की पत्नी के बैंक खाते की डिटेल खंगालने में लगी हुई है और इस मामले में हर पहलू से एटीएम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की भी जांच कर रही है।
इन सात तरीकों से बचें (एसपी मंडी अशोक कुमार)
1. ठग कॉल कर खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए कहेगा आपके एटीएम कार्ड का आज ही नवीकरण करना है। ऐसा नहीं करने पर एटीएम कार्ड बंद हो जाएगा। यह कहकर आपसे आपके एटीएम का पूरा विवरण ले लेगा। आपको उसे जानकारी नहीं देनी है। अपने बैंक से सीधे संपर्क करें।
2. कॉलर आपके पड़ोसी को फोन कर उनके बंद एटीएम को खोलने के लिए आपकी गारंटी लेगा। उसमें आपके एटीएम कार्ड का विवरण मांगेगा। आपके मोबाइल फोन पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) भेजकर उसका नंबर पूछेगा। उसे कोई जानकारी नहीं देनी है।
3. कॉलर बैंक के विजिलेंस सेल का अधिकारी बनकर आपके एटीएम कार्ड की क्लोनिंग होने की जानकारी देगा। आपसे एटीएम कार्ड का 16 डिजिट का नंबर पूछेगा।
4. बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने वाला आपका नाम-पता सब बताएगा। आपके साथ पजल खेलते हुए आपको कुछ अंक देगा। उस अंक से आपके एटीएम कार्ड के 16 डिजिट के अंतिम चार अंकों से जोड़-घटाव का गणित कराएगा। उससे बचना है।
5. बैंकों ने स्पष्ट किया है कि एटीएम कार्ड के बारे में उसके 16 डिजिट के नंबर के बारे में या फिर पासवर्ड जानने के लिए उनकी तरफ से कोई भी कॉल नहीं किया जाता है। लिहाजा ऐसे किसी भी कॉल से परहेज करें। उसे नंबर न बताएं।
6. एटीएम रूम में किसी भी तरह के झांसे में फांसकर आपसे कोई आपका एटीएम कार्ड मांगे तो उसे नहीं दें। आपका कार्ड बदलकर उससे रुपये निकाल लिए जाएंगे।
7. आपके एटीएम कार्ड के पीछे कार्ड वेरिफिकेशन वैल्यू कोड होता है। छोटे अक्षरों में लिखे कोड की भी जानकारी कॉलर को नहीं दें।