जोगिंद्रनगर (मंडी)। एक से पांच अप्रैल तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेले में इस बार स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विजेता टीमों को उचित पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
मंगलवार को राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंद्रनगर को लेकर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से बैठक की अध्यक्षता कर एसडीएम ने कहा कि मेले के दौरान स्कूल और कॉलेज के बच्चों को मंच प्रदान किया जाएगा। इसमें लोक नृत्य, एकांकी, रंगोली व फैशन शो प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी।
अंडर 14 आयु वर्ग में स्कूली बच्चों के लिए लोक नृत्य, एकांकी तथा रंगोली प्रतियोगिताएं जबकि कॉलेज विद्यार्थियों के लिए लोक नृत्य, एकांकी नाटक तथा लड़कियों के लिए फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। सभी स्कूल 28 मार्च तक अपना पंजीकरण प्रधानाचार्य राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पास दर्ज करवा सकते हैं।
कॉलेज स्तर की प्रतियोगिता के लिए प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर के पास अपना नाम पंजीकृत करवाएं। बैठक में जोगिंद्रनगर कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सुनीता सिंह, कन्या स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील ठाकुर, ओपी ठाकुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद