मंडी। जिला मंडी में सोमवार से स्कूलों को खोलने की तैयारी हो गई है। शनिवार को स्कूलों में पानी की टंकियां, क्लास रूम की सफाई, स्कूल परिसर की साफ सफाई और सैनिटाइज करने का कार्य पूरा कर लिया गया है।
सुबह नौ से तीन बजे तक एसओपी के तहत स्कूलों में तीन दिन 10वीं, 12वीं और तीन दिन 9वीं और 11वीं की कक्षाएं लगेंगी। सोम, मंगल और बुधवार को 10वीं-12वीं और वीर, शुक्र एवं शनिवार को 9वीं-11वीं की कक्षाएं चलेंगी।
इस दौरान बच्चों को एक डेस्क छोड़कर बैठाया जाएगा। सुबह स्कूल गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन कार्य होगा। इसके साथ माइक्रो प्लान के तहत ही दोपहर का भोजन करेंगे, जिसमें एक अध्यापक की ड्यूटी रहेगी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक सुदेश कुमार ने कहा कि जिलेभर के स्कूलों को शिक्षा विभाग के आदेशानुसार कक्षाएं लगाने के लिए तैयार कर लिया गया है। एसओपी के तहत स्कूल खोले जाएंगे और सभी स्कूलों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। संवाद