सलाह वार्ड में भी गेट चुराने का किया प्रयास, चोरों की सक्रियता से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल में चोर एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। बुधवार रात चोरों ने चांबी पंचायत के जंगम बाग में स्थित प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में रखे गुल्लक को तोड़कर उसमें चढ़ाई गई नकदी पर हाथ साफ कर दिया है।
वीरवार सुबह जब पुजारी सोनू शर्मा पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने गुल्लक को खुले हुए पाया। इसके बाद उन्होंने पूर्व पंचायत प्रधान एवं मंदिर कमेटी के सदस्य दिलीप ठाकुर को इस बारे में बताया। मौका पर पहुंचकर दिलीप ठाकुर ने इस बाबत थाना बीएसएल कॉलोनी को सूचना दी। पुलिस ने मौका पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। गुल्लक में कितने रुपये थे, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है। मंदिर कमेटी के सदस्य दिलीप ठाकुर ने पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने बताया इससे पहले भी मंदिर में कई बार चोर सेंध लगा चुके हैं। दो बार यहां पर स्थापित प्राचीन राधा कृष्ण की मूर्तियां भी चोरी हो गई थी। हालांकि उन्हें बाद में बरामद कर लिया गया था।
इधर, नगर परिषद के सलाह वार्ड में भी चोरों ने एक गेट पर हाथ साफ करने का प्रयास किया है, लेकिन वह उसका एक ही हिस्सा उखाड़ पाए और इसे चोरी करने में नाकाम रहे। वार्ड पार्षद शिव सिंह सेन ने भी सुंदरनगर थाना पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों ने भी संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और उसकी सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया है।