जोगिंद्रनगर के हराबाग में बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरी कार। स्त्रोत स्थानी
जोगिंद्रनगर शहर से करीब चार किलोमीटर दूर खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट हाईवे पर हराबाग के समीप एक कार करीब 80 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पूर्व सैनिक की जान बच गई। जोगिंद्रनगर शहर से करीब चार किलोमीटर दूर हराबाग में बुधवार सुबह करीब 6 बजे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद हराबाग निवासी नित्यानंद अवस्थी, आशीष, बृजगोपाल सहित अन्य स्थानीय लोगों ने खाई में फंसे कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
कार चालक शेर सिंह, निवासी घटासनी मर्चेंट नेवी से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं। वह जोगिंद्रनगर में एक अकादमी में पढ़ाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि समय रहते स्थानीय लोगों द्वारा किए गए रेस्क्यू से चालक की जान बच गई। हादसे में शेर सिंह के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। हराबाग क्षेत्र में दो सप्ताह पहले भी खराब मौसम के दौरान एक सब्जी से लदी जीप दुर्घटनाग्रस्त होकर खेतों में गिर गई थी। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस को इस कार हादसे की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन विभाग अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।